Loading...

Himachal Government: एलाइड एवं हेल्थकेयर की 210 सीटों के लिए 13 सितंबर तक आवेदन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Sep 2026 • 1 Min Read

Himachal Government: अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी ने एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज हमीरपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चार वर्षीय एलाइड एवं हेल्थकेयर पाठ्यक्रमों की 210 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित शुल्क के साथ 13 सितंबर 2026 को रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में सुधार के लिए 14 सितंबर 2026 की तिथि तय की गई है।

हमीरपुर/हमीरपुर

चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से आयोजित प्रवेश प्रक्रिया के तहत चार वर्षीय पाठ्यक्रम आठ सेमेस्टर में पूरा होगा। प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य, ओबीसी और उनकी उप-श्रेणियों के अभ्यर्थियों को 2,200 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और आईआरडीपी वर्ग के लिए शुल्क 1,400 रुपये रखा गया है, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। संयुक्त प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि बाद में अधिसूचित की जाएगी।

चार पाठ्यक्रमों में उपलब्ध हैं सीटें

कॉलेज में बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी की 60, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी की 60 और बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस की 60 सीटें उपलब्ध हैं। बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी में 30 सीटें रखी गई हैं। कुल 210 सीटों में 42 इन-सर्विस, 105 सब्सिडाइज्ड और 63 नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटें शामिल हैं।

चार शहरों में चुन सकेंगे परीक्षा केंद्र

आवेदक अपनी सुविधा के अनुसार शिमला, हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा में से किसी एक शहर को परीक्षा केंद्र के रूप में चुन सकते हैं। परीक्षा केंद्र का पूरा पता और इससे संबंधित अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र के साथ जारी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र में बदलाव भी कर सकता है। अभ्यर्थियों को आवेदन की समयसीमा और सुधार की निर्धारित तिथि का ध्यान रखने को कहा गया है।