Himachal Government: भदसाली अप्पर के मंदिर विकास पर खर्च होंगे 40 लाख रुपये
Himachal Government: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना के ठाकुर द्वारा मंदिर भदसाली अप्पर के विकास और सौंदर्यीकरण पर कुल 40 लाख रुपये खर्च करने की घोषणा की। उन्होंने प्रथम चरण के लिए 25 लाख रुपये देने के साथ ही सामुदायिक भवन, सड़क और दो अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी धनराशि उपलब्ध करवाने की बात कही। वह श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं विशाल संत सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ठाकुर द्वारा मंदिर भदसाली अप्पर में श्रीमद्भागवत कथा एवं विशाल संत सम्मेलन का आयोजन 29 अगस्त से 5 सितंबर तक किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने मंदिर के विकास के लिए प्रथम चरण में 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर कुल 40 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भदसाली अप्पर में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये और पंचायत में सड़क निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
मुकेश अग्निहोत्री ने गूगा जाहर पीर मंदिर भदसाली अप्पर और तपस्थान संत देविआ सिख गुरुद्वारा के लिए भी पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। गूगा नवमी के अवसर पर उन्होंने गूगा जाहर पीर मंदिर में माथा टेका और तपस्थान संत देविआ सिख गुरुद्वारा में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं और ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे, सद्भाव तथा आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ठाकुर द्वारा मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के प्रधान मोहन सिंह जसवाल ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भदसाली अप्पर के प्रधान अश्वनी जसवाल, लोअर भदसाली के प्रधान सूरम सिंह, गुरुद्वारा सिंह सभा भदसाली के प्रधान यशपाल सिंह साका सहित जसपाल जस्सा, मंजीत कौर साका, जोगिंदर सिंह पाठी, सुरजीत सिंह, गुरदीप सिंह, दर्शन सिंह और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।