Himachal Government: चंबा को 25 नई बसें देने की घोषणा, सड़क सुरक्षा के लिए 5 करोड़
Himachal Government: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा को 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जिले में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से चंबा को सड़क सुरक्षा का पायलट जिला बनाया गया है, जिसके लिए पांच करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे।
चंबा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर चंबा के ऐतिहासिक चौगान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। चंबा में डेटा आधारित सड़क सुरक्षा उपाय अपनाकर दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को न्यूनतम करने के प्रयास किए जाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट में 7.19 प्रतिशत हिस्से का मामला
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है। पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से के अधिकार से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में निर्णायक दौर में पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सर्वोच्च न्यायालय हिमाचल के अधिकारों के पक्ष में निर्णय देगा और प्रदेश को उसका उचित हिस्सा मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने सत्ता में आने के बाद पुरानी पेंशन योजना बहाल की, जिससे 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ मिला। उन्होंने निगमों और बोर्डों में ओपीएस के लाभ से वंचित कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उन्हें भी इसका लाभ देने की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।

चंबा-चुवाड़ी सुरंग का प्रस्ताव
उन्होंने कहा कि चंबा के विकास के लिए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चंबा और चुवाड़ी के बीच 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण लगभग 4,594 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इस सुरंग के बनने से दोनों स्थानों के बीच की दूरी करीब 26 किलोमीटर कम होने की बात कही गई है।
मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। उन्होंने विकास, सामाजिक न्याय और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में लोगों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। समारोह में पूर्व मंत्री आशा कुमारी और ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक नीरज नैयर सहित अन्य गणमान्य अतिथि तथा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
