मंडी में 210 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण, पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत की कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मंडी में एनडीपीएस अधिनियम के 210 मामलों में जब्त मादक पदार्थों और केस प्रॉपर्टी का निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया। यह कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में सेंट्रल रेंज मंडी के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) राहुल नाथ की देखरेख में संपन्न हुई।
मंडी
210 एनडीपीएस मामलों की केस प्रॉपर्टी का किया गया निस्तारण
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ड्रग डिस्पोजल कमेटी के माध्यम से एनडीपीएस अधिनियम के 210 मामलों में जब्त मादक पदार्थों और संबंधित केस प्रॉपर्टी का विधिवत निस्तारण किया। कार्रवाई निर्धारित नियमों और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप की गई। इस दौरान सेंट्रल रेंज मंडी के पुलिस उप महानिरीक्षक राहुल नाथ पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
ड्रग्स निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधीक्षक मंडी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिले के सभी उप पुलिस अधीक्षक तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने निर्धारित मानकों के अनुसार जब्त मादक पदार्थों और अन्य केस प्रॉपर्टी का निस्तारण सुनिश्चित किया।
इन मादक पदार्थों का किया गया निस्तारण
ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा 64.733 किलोग्राम चरस, 501.18 ग्राम चिट्टा, 105.78 ग्राम तथा 8.566 किलोग्राम स्मैक और चूरा पोस्त, 57.530 किलोग्राम तथा 146 ग्राम भुक्की एवं गांजा, 1183 पोस्त के पौधे, 2729 भांग के पौधे, बड़ी मात्रा में स्पास्मो प्रॉक्सीवान कैप्सूल, नाइट्रोजेपाम टैबलेट तथा 12 बोतल कोडीन सिरप का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
अफीम सरकारी संस्थान भेजने की संस्तुति
पुलिस ने बताया कि जब्त की गई 0.886 किलोग्राम अफीम का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं किया गया। इसे नियमानुसार सरकारी ओपियम एंड अल्कलाइड वर्क्स को भेजने की संस्तुति की गई है, जहां आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसपी मंडी ने क्या कहा
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नशा तस्करी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जाएंगे।