हिमाचल में 11 अगस्त तक बारिश के आसार, पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मानसून और अनुकूल मौसमी स्थितियों के कारण कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार शाम जारी पूर्वानुमान में 10 और 11 अगस्त को पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान जारी होने के समय शिमला सहित प्रदेश के अन्य भागों में भी मौसम खराब बना हुआ था।
विभाग के अनुसार 7 से 13 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से लगातार हवाएं चल सकती हैं। निचली और मध्यम पहाड़ियों पर कुछ स्थानों में बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अगस्त को मध्य पहाड़ियों तथा उनसे सटे निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। 8 अगस्त को कांगड़ा, सिरमौर और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 9 अगस्त को ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
10 अगस्त को कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस दिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, शिमला, सोलन और किन्नौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को चंबा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और किन्नौर के लिए येलो अलर्ट है।
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण शुक्रवार शाम 6 बजे तक प्रदेश में 162 सड़कें बंद रहीं।