हिमाचल सचिवालय में शुरू हुई डिजिटल गेट पास प्रणाली, मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया एकीकृत डिजिटल प्लेटफार्म
Himachalnow / शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सचिवालय में डिजिटल गेट पास प्रणाली और यूनिफाइड डिजिटल कैलेंडर एंड अपॉइंटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था के माध्यम से मुलाकात, बैठक समन्वय और प्रवेश प्रक्रिया को ऑनलाइन और सुव्यवस्थित बनाने पर बल दिया गया है।
शिमला
सचिवालय में शुरू की गई डिजिटल गेट पास प्रणाली
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री से भेंट की प्रक्रिया को सरल और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में डिजिटल गेट पास प्रणाली शुरू की। इस ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से डाउनलोड करने योग्य डिजिटल गेट पास स्वतः तैयार होगा, जिससे मैनुअल कागजी प्रक्रिया समाप्त होगी। बिना पूर्व अनुमति के आने वाले आगंतुकों के लिए भी स्वागत कक्ष से सीधे गेट पास जारी करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ओटीपी और फेस ऑथेंटिकेशन आधारित होगी पहचान प्रक्रिया
नई प्रणाली में ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण और आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन जैसी पहचान सत्यापन सुविधाएं शामिल की गई हैं। सुरक्षा कर्मी डिजिटल गेट पास पर उपलब्ध बारकोड को स्कैन कर प्रवेश सत्यापन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था आगंतुकों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय को भी बेहतर बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया यूनिफाइड डिजिटल प्लेटफार्म
मुख्यमंत्री ने ‘यूनिफाइड डिजिटल कैलेंडर एंड अपॉइंटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम’ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफार्म मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए प्रमुख इंटरफेस के रूप में कार्य करेगा और राज्यभर के सरकारी अधिकारियों के पेशेवर कैलेंडर प्रबंधन के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल ढांचा उपलब्ध करवाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न सरकारी विभाग बैठक संबंधी आग्रह ऑनलाइन भेज सकेंगे और स्वीकृति मिलने पर संबंधित अधिकारियों के डिजिटल कैलेंडर में स्वतः समन्वय हो जाएगा।
जनता और सरकार के बीच समन्वय को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जनता और सरकार के बीच डिजिटल समन्वय को मजबूत करेगी तथा जनसंपर्क प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाएगी। बैठक स्वीकृत होने के बाद संबंधित विभागों को तुरंत सूचना उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में समयबद्धता और समन्वय सुनिश्चित हो सकेगा।
हिमाचल भवन और हिमाचल सदन की सुविधाओं की समीक्षा
सामान्य प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित हिमाचल भवन, हिमाचल सदन और चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन में आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भवनों के रखरखाव और मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।
हिमाचल निकेतन परियोजना और ऑनलाइन भुगतान सुविधा पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में निर्माणाधीन हिमाचल निकेतन परियोजना की समीक्षा करते हुए कार्य को 15 जून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बुकिंग प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए क्यूआर कोड आधारित भुगतान सुविधा शुरू करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा राज्यभर के परिधि गृहों की बुकिंग व्यवस्था में भी लागू की जानी चाहिए।