Loading...

“19 वर्षीय छात्रा की हत्या से दहला हिमाचल, कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल”—जयराम ठाकुर

PRIYANKA THAKUR • 4 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

हिमाचल में 19 वर्षीय छात्रा की हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था की विफलता बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

शिमला

सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस घटना को हिमाचल में बिगड़ती कानून व्यवस्था का बड़ा उदाहरण बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है।प्रेस वार्ता में जयराम ठाकुर ने कहा कि कॉलेज जा रही एक छात्रा पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से आम लोगों में भय का माहौल बना है और यह कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था के पूरी तरह चरमराने का संकेत है। “एक बेटी की इस तरह हत्या होना बेहद दुखद और चिंताजनक है,” उन्होंने कहा।जयराम ठाकुर ने बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिले और उनकी पीड़ा को करीब से महसूस किया। उन्होंने कहा कि परिवार न्याय की मांग कर रहा है और इस मामले की गहन जांच जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में अन्य कोण भी हो सकते हैं, जिनकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

उन्होंने इस मामले को नशे की बढ़ती समस्या से जोड़ते हुए कहा कि आरोपी के नशे में होने की बात सामने आ रही है, जो प्रदेश में फैलते नशे के जाल को उजागर करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार नशे के खिलाफ अभियान का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम नजर नहीं आ रहे।जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में एनडीपीएस के हजारों मामले सामने आए हैं और नशे से जुड़ी मौतों में भी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी को भी उन्होंने गंभीर चिंता का विषय बताया।

सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद सरकार की ओर से ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने यह भी कहा कि खराब सड़क व्यवस्था के कारण छात्रा को पैदल लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे जोखिम और बढ़ गया था।अंत में जयराम ठाकुर ने इस मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है, जिस पर सरकार को तुरंत गंभीर कदम उठाने होंगे।