Loading...

हिमाचल उत्सव / डॉ. शांडिल ने युवाओं से संस्कृति सहेजने और नशे से दूर रहने का किया आह्वान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल उत्सव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अंतिम सांस्कृतिक संध्या को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी पुरातन संस्कृति और परंपराओं को सहेजने तथा ऊर्जा को खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

सोलन

डॉ. शांडिल ने हिमाचल उत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजक डायनामिक इंडिया युवा मंडल सोलन को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में यह मेला और बड़े स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रदेश की लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेले और उत्सव विशिष्ट संस्कृति के परिचायक हैं। इनके माध्यम से लोगों का स्वस्थ मनोरंजन होने के साथ ही युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं की गहन जानकारी प्राप्त होती है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए अपनी असीमित ऊर्जा का उपयोग खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने हिमाचल उत्सव के आयोजक डायनामिक इंडिया युवा मंडल को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में डॉ. शांडिल की सुपुत्री डॉ. दीपाली धौल, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, डायनामिक इंडिया युवा मंडल सोलन के अध्यक्ष एवं जोगिंद्र केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा और खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुरेंद्र सेठी, गोपाल शर्मा, अंकुश शर्मा, पुनीत शर्मा, सरदार सिंह ठाकुर, पंकज सूद, सक्षम, अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद थे।

Related Topics: •