Loading...

Himachal Weather / हिमाचल के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना, मौसम विभाग का अलर्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachal Weather : मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 15 और 16 मई को हल्की बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्रों में मौसम गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है।

शिमला

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य में अधिकतम तापमान ऊना में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान केलोंग में 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल्पा में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि 15 और 16 मई को कुल्लू, मंडी, चंबा और कांगड़ा जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि 17 से 19 मई तक प्रदेश के लिए किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार

पूर्वानुमान के अनुसार 15 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 16 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 मई को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं शिमला शहर में 15 मई को हल्की बारिश और 16 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। शिमला का अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

Related Topics: