HP Cabinet: चंबा,नाहन, नेर चौक, हमीरपुर मेडिकल कालेजों के नए प्रस्तावित विभागों के लिए 52 पद भरने को मंजूरी
क्लास-थ्री भर्तियां करेगा लोकसेवा आयोग, जमीन की लीज अब 99 नहीं 40 साल की लीज पर मिलेगी जमीन…
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सचिवालय में शुक्रवार को हुई हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक में हिमाचल प्रदेश में उद्योग लगाने हों या अन्य अधिकृत कार्य करने के लिए अब 99 नहीं, 40 साल के पट्टे पर ही जमीन मिलेगी। इसके लिए हिमाचल प्रदेश कैबिनेट ने लैंड सीलिंग एक्ट के नियमों में संशोधन के लिए मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया कि केंद्र और राज्य सरकार के उपक्रमों को सोलर प्रोजेक्ट लगाने के लिए अब उद्योगों की तर्ज पर कोई लैंड सीलिंग नहीं रहेगी। प्रदेश में लैंड सीलिंग कानून के तहत 150 बीघा से ज्यादा जमीन नहीं ली जा सकती है। सोलर प्रोजेक्टों के लिए इसमें इन उप्रकमों को छूट दी जाएगी।
बैठक में यह चर्चा हुई कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राज्य से बाहर के कई लोगों को 99 साल के लिए जमीन लीज पर दी गई, मगर कई बार इसका दुरुपयोग हुआ। कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के हजारों पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया है कि अब तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती राज्य लोक सेवा आयोग से होगी।
मेडिकल कॉलेज नाहन, नेरचौक, हमीरपुर और चंबा में आपात मेडिसिन विभाग में 48 पद भरे जाएंगे। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में न्यूक्लीयर मेडिसिन विभाग में चार पद भरे जाएंगे। कैबिनेट की बैठक में बेटियों को भी पैतृक जमीन में यूनिट मानने के विधेयक को विधानसभा में पेश करने की भी स्वीकृति दे दी गई है।
कैबिनेट की बैठक में नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के मामले में मंजूरी दी गई। कैबिनेट की बैठक में नगर निगम शिमला के चुनाव रोस्टर के बारे में भी चर्चा हुई कि आरक्षण प्रक्रिया को कैसे संपन्न करना है।
