HPBOSE : 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम इस दिन हो सकता है घोषित…..

HP-board-of-school-educatio.jpg

HNN/ धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन द्वारा जल्द ही 12वीं बोर्ड का रिजल्ट घोषित किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हिमाचल बोर्ड कक्षा 12 वीं का रिजल्ट कल यानी शुक्रवार को घोषित किया जा सकता है।

बता दें हिमाचल बोर्ड की परीक्षा में हिस्सा लेने वाले सभी छात्र अपने परीक्षा परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार रिजल्ट घोषित होने के बाद इसे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट – hpbose.org के माध्यम से देख सकेंगे।

स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि शिक्षा बोर्ड ने इस बार रिकार्ड समय में 12वीं कक्षा के रिजल्ट को तैयार कर लिया है। रिजल्ट घोषित करने के लिए लगभग सारी औपचारिक्ताएं पूरी की जा चुकी हैं। अगर कोई तकनीकी समस्या न आई तो स्कूल शिक्षा बोर्ड शुक्रवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर देगा।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन दो टर्म में किया था। पहले टर्म की परीक्षाएं सितंबर-अक्तूबर 2022 में आयोजित हुई थीं, जबकि दूसरे टर्म की परीक्षाओं का आयोजन मार्च 2023 में किया गया था।

इस दौरान प्रदेश भर में 1,03,932 के करीब विद्यार्थियों ने बोर्ड की टर्म-2 की परीक्षाएं दी थीं। बोर्ड की ओर से इन परीक्षाओं के आयोजन के लिए प्रदेश में 2200 से अधिक परीक्षा केंद्रों का गठन किया गया था, जबकि उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य अप्रैल माह के पहले सप्ताह में शुरू हुआ था।