HPBOSE / शीतकालीन स्कूलों की तीसरी, पांचवीं और आठवीं की परीक्षाएं 1 दिसंबर से कराने का प्रस्ताव
HPBOSE / हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों की तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 1 दिसंबर से आयोजित करने का प्रस्ताव रखा है। बोर्ड ने विषयवार प्रस्तावित डेटशीट तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला को भेज दी है। निदेशालय की स्वीकृति मिलने के बाद आधिकारिक डेटशीट जारी की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश
प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने तीनों नियमित कक्षाओं की परीक्षाओं का समय पहले निर्धारित करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसका उद्देश्य शीतकालीन अवकाश वाले क्षेत्रों में मौसम के कारण विद्यार्थियों को होने वाली परेशानी से बचाना है। फिलहाल एक दिसंबर से परीक्षाएं शुरू करने की तिथियां केवल प्रस्तावित हैं और इन्हें अंतिम नहीं माना गया है।
निदेशालय की मंजूरी के बाद जारी होगी डेटशीट
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के अनुसार प्रस्तावित तिथि-सूची को आवश्यक समीक्षा और अंतिम अनुमोदन के लिए शिक्षा निदेशालय भेजा गया है। निदेशालय से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बोर्ड तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की अंतिम एवं आधिकारिक डेटशीट जारी करेगा। इसके बाद परीक्षा संचालन से संबंधित आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।