HPU: 26 परीक्षाओं के नतीजे जारी, बीटेक समेत कई पाठ्यक्रमों में शत-प्रतिशत परिणाम
HPU: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने जून-जुलाई में आयोजित 26 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनमें बीटेक, बीएड, एमए और एमएससी के अलग-अलग सेमेस्टर और बैच के नतीजे शामिल हैं। कई पाठ्यक्रमों में सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपनी आईडी दर्ज करके परिणाम देख सकते हैं।
शिमला
बीटेक सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का परिणाम 100 फीसदी रहा। सिविल इंजीनियरिंग में 96.97 फीसदी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 98.21 फीसदी और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 91.53 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। बीएड के चौथे सेमेस्टर में 99.52 फीसदी और दूसरे सेमेस्टर में 94.48 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
एमए समाजशास्त्र के दूसरे सेमेस्टर का परिणाम 96.77 फीसदी और एमए सामाजिक कार्य का 92.31 फीसदी रहा। सामाजिक कार्य के परिणाम में पुनर्परीक्षा और कंपार्टमेंट वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं। एमए राजनीतिक विज्ञान के विभिन्न सेमेस्टरों में उत्तीर्णता दर 96.91 से 100 फीसदी के बीच रही। एमए इतिहास के अलग-अलग सेमेस्टर और बैच में परिणाम 98.13 से 100 फीसदी के बीच दर्ज किया गया।
विश्वविद्यालय ने एमएससी के पांच परिणाम भी जारी किए हैं। प्राणी विज्ञान में 99.23 फीसदी, वनस्पति विज्ञान में 99.19 फीसदी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में 95.83 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। डेटा साइंस और पर्यावरण विज्ञान में परिणाम 100 फीसदी रहा। घोषित सभी परिणाम संबंधित विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी आईडी के माध्यम से देख सकते हैं।