Loading...

एचपीयू में 30 जुलाई से शुरू होंगी पीजी सहित सभी कैंपस आधारित कोर्सों की नियमित कक्षाएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 25 Jul 2026 • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी सहित सभी कैंपस आधारित पाठ्यक्रमों की नियमित कक्षाएं अब 30 जुलाई से शुरू करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय ने 29 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने, 30 जुलाई से इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित करने तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों की नई मेरिट सूची से संबंधित कार्यक्रम भी जारी किए हैं।

शिमला

30 जुलाई से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कैंपस आधारित सभी स्नातकोत्तर एवं अन्य पाठ्यक्रमों (स्नातक को छोड़कर) की नियमित कक्षाएं 30 जुलाई से प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इससे पहले कक्षाएं 27 जुलाई से शुरू होने वाली थीं। इस संबंध में विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बी.के. शिवराम द्वारा अधिसूचना जारी कर सभी शैक्षणिक विभागों और संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

29 जुलाई तक पूरी करनी होगी प्रवेश प्रक्रिया

विश्वविद्यालय ने सभी विभागाध्यक्षों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया 29 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विभाग में विद्यार्थियों की संख्या कम रहती है, तब भी 30 जुलाई से नियमित कक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू की जाएंगी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र का संचालन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करना है।

30 जुलाई से 5 अगस्त तक होगा इंडक्शन कार्यक्रम

अधिसूचना के अनुसार 30 जुलाई से 5 अगस्त तक कुलपति विभिन्न विभागों, केंद्रों और संस्थानों का दौरा कर नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसी अवधि में प्रथम वर्ष एवं प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी विभागाध्यक्षों और निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि इंडक्शन कार्यक्रम की पूर्व योजना तैयार कर उसे शैक्षणिक समयसारिणी में शामिल किया जाए।

बीटेक की तीसरी मेरिट सूची भी जारी

विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक विभागों एवं संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी) ने बीटेक प्रथम वर्ष के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए तीसरी मेरिट सूची जारी कर दी है। इस सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 27 जुलाई तक निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। इसके अतिरिक्त एमसीए नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों सहित अन्य विभागों के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए भी मेरिट सूची जारी कर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

Related Topics: