एचपीयू में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया 23 मई से शुरू, 32 विभागों में 502 सीटों पर होंगे दाखिले
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के 32 विभागों, संस्थानों और अध्ययन केंद्रों में कुल 502 सीटों पर शोधार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें पहली बार पार्ट-टाइम पीएचडी सीटें भी शामिल की गई हैं।
शिमला
पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन शुरू
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष विश्वविद्यालय के 32 विभागों, संस्थानों और अध्ययन केंद्रों में कुल 502 सीटों पर शोधार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने नियमित पीएचडी कार्यक्रमों के साथ पहली बार पार्ट-टाइम पीएचडी को भी औपचारिक रूप से प्रवेश प्रक्रिया में शामिल किया है।
पार्ट-टाइम पीएचडी के लिए 175 सीटें निर्धारित
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कुल सीटों में से 175 सीटें पार्ट-टाइम शोधार्थियों के लिए अलग श्रेणी में निर्धारित की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य नौकरीपेशा अभ्यर्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और अन्य पेशेवरों को शोध कार्य से जोड़ना है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पार्ट-टाइम पीएचडी सीटें नियमित सीटों से अलग अतिरिक्त श्रेणी में रखी गई हैं, इसलिए इनका प्रभाव सामान्य सीटों पर नहीं पड़ेगा। यह व्यवस्था नई शिक्षा नीति और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप लागू की गई है।
विभिन्न विभागों में तय की गई सीटें
विश्वविद्यालय में इस बार सबसे अधिक 41 सीटें विधि विभाग में निर्धारित की गई हैं। इसके बाद कॉमर्स विभाग और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय बिजनेस स्कूल में 35-35 सीटें तय की गई हैं। रसायन विज्ञान विभाग में 34, भौतिक विज्ञान विभाग में 30 और अर्थशास्त्र विभाग में 28 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। हिंदी विभाग में 26 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि गणित और शारीरिक शिक्षा विभाग में 23-23 सीटों पर दाखिले होंगे।
इसके अतिरिक्त कंप्यूटर साइंस विभाग में 20, जूलॉजी में 18, बॉटनी में 17 और अंग्रेजी विभाग में 16 सीटें स्वीकृत की गई हैं। भूगोल विभाग और सेंटर फॉर ग्रीन एनर्जी एंड नैनो टेक्नोलॉजी में 15-15 सीटों पर प्रवेश होंगे। राजनीति विज्ञान विभाग में 12 सीटें, जबकि शिक्षा और परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग में 11-11 सीटें निर्धारित की गई हैं। पत्रकारिता एवं जनसंचार, लोक प्रशासन, फॉरेंसिक साइंस, योग और अन्य विभागों में भी निर्धारित सीटों के अनुसार दाखिले किए जाएंगे।
10 जून तक चलेगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 मई से शुरू होकर 10 जून तक जारी रहेगी। अभ्यर्थियों का चयन यूजीसी-नेट, विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमानुसार प्रवेश परीक्षा से छूट प्रदान की जाएगी। आवेदन और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है।
पार्ट-टाइम पीएचडी के लिए अलग शैक्षणिक ढांचा तैयार
एचपीयू ने पार्ट-टाइम पीएचडी कार्यक्रम के लिए अलग शैक्षणिक और शोध ढांचा तैयार किया है। विश्वविद्यालय के अनुसार पार्ट-टाइम शोधार्थियों को नियमित रूप से अपनी प्रगति रिपोर्ट जमा करनी होगी और प्रत्येक छह महीने में शोध समीक्षा प्रक्रिया से गुजरना होगा। कोर्स वर्क ऑनलाइन, ऑफलाइन और हाइब्रिड मोड में संचालित किया जाएगा। इसके अलावा कार्यस्थल पर शोध करने वाले अभ्यर्थियों को यह प्रमाणित करना होगा कि वहां आवश्यक शोध सुविधाएं उपलब्ध हैं।
