Loading...

Health / ऊना में एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने पर जोर, 31 अगस्त तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 Aug 2026 • 1 Min Read

ऊना जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए चल रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक आयुक्त विनय मोदी ने कहा कि 31 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र बालिका तक समय पर टीकाकरण की सुविधा पहुंच सके।

ऊना

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायक आयुक्त विनय मोदी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से यह अभियान देशभर में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग टीकाकरण के महत्व को समझ सकें।

मिशन 4500 के तहत तय किया गया लक्ष्य

उन्होंने बताया कि जिले में ‘मिशन 4500’ के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत अब तक 1,097 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 25 प्रतिशत है। उन्होंने शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, आईसीडीएस, सामाजिक संगठनों और अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर अभियान को और गति देने के निर्देश दिए।

अभिभावकों को जागरूक करने पर दिया विशेष बल

सहायक आयुक्त ने कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न देने तथा अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाने का आग्रह किया। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारियों को स्कूलों में टीकाकरण शिविर आयोजित करने से पहले नोडल अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों के साथ बैठकें आयोजित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से उनकी शंकाओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए।

अभियान की प्रगति की समीक्षा

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिले में अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा कालिया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोम लाल धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) हरीश मिश्रा, रोटरी क्लब ऊना के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।