Loading...

आईआईएम सिरमौर के हॉस्टल में बीएमएस छात्र की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

IIM सिरमौर के हॉस्टल में BMS के छात्र की मौत, प्रारंभिक जांच में ये बात आई सामने, पुलिस जांच में जुटी

नाहन : आईआईएम सिरमौर (IIM SIRMAUR) के धौलाकुआं कैंपस स्थित हॉस्टल में शुक्रवार को बीएमएस (BMS) के छात्र ने आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पता लगाया जा रहा है कि छात्र ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान प्रारंभ शुक्ला (19) पुत्र अनुपम शुक्ला निवासी जबलपुर सिटी बी 48 डुबन एयरपोर्ट रोड (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वह आईआईएम सिरमौर में बीएमएस (बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज) के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि छात्र पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में था और इसके लिए दवा भी ले रहा था। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हॉस्टल में छात्र की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

बता दें कि आईआईएम सिरमौर में सुसाइड का यह पहला मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले आईआईएम सिरमौर के सिक्योरिटी सुपरवाइजर पर दो सिक्योरिटी गार्ड महिलाओं ने शोषण के आरोप लगाए थे, जिसका मामला भी माजरा पुलिस थाने में दर्ज है। इस मामले में भी आगामी जांच चल रही है।

उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आईआईएम सिरमौर के छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

Related Topics: