Weather / यूपी-बिहार से राजस्थान तक मौसम का बड़ा उलटफेर, हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट, जानिए दिल्ली का हाल
India Meteorological Department (IMD) ने उत्तर भारत समेत कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। IMD Weather Update के मुताबिक आने वाले दिनों में आंधी, तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है।
नई दिल्ली सहित पूरे देश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बदलाव हो सकता है।
पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मौसम खराब रह सकता है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान है।
उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 5 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी दौरान मौसम खराब रहने के आसार हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 और 4 अप्रैल को बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।
दिल्ली में मंगलवार को आसमान बादलों से घिरा रहने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।