Inauguration / चुराह क्षेत्र में 59 लाख रुपये से निर्मित उप मंडी तीसा का उद्घाटन, किसानों को मिलेगी विपणन सुविधा
Inauguration : 59 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप मंडी तीसा का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से किया। नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और बागवानों को कृषि एवं बागवानी उत्पादों के विपणन में स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होगी।
चम्बा
उप मंडी तीसा का उद्घाटन
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से उप मंडी तीसा का उद्घाटन किया। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड एवं एपीएमसी के माध्यम से लगभग 59 लाख रुपये की लागत से विकसित इस उप मंडी में 6 व्यावसायिक दुकानें तथा कृषि एवं बागवानी उत्पादों के भंडारण के लिए एक कोल्ड स्टोर का निर्माण किया गया है। यह सुविधा विशेष रूप से तीसा उपमंडल के किसानों और बागवानों को स्थानीय स्तर पर विपणन अवसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है, जिससे कृषि उपज के संग्रहण, विपणन और परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सकेगा।
किसानों और बागवानों को होगी सुविधा
उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने क्षेत्र के किसानों और बागवानों को नई उप मंडी के संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीसा उपमंडल फूलों, फलों तथा गैर-मौसमी सब्जियों के उत्पादन के लिए जाना जाता है और यहां बड़ी संख्या में किसान बागवानी एवं कृषि गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि उप मंडी के शुरू होने से किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए दूरस्थ मंडियों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर विपणन सुविधा उपलब्ध होने से परिवहन लागत और समय की बचत होगी तथा उत्पादों के विपणन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सुविधा क्षेत्र की कृषि एवं बागवानी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में सहायक सिद्ध होगी।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और बागवानों के हित में विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कई पहलें की गई हैं और प्राकृतिक रूप से उत्पादित मक्की, गेहूं, जौ तथा हल्दी के लिए समर्थन मूल्य की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं और प्रोत्साहन उपायों का लाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्र में कृषि विपणन सुविधाओं के विस्तार को उपयोगी बताया।
विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, चुराह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी यशवंत खन्ना, जिला परिषद सदस्य निर्मला भूटानी, कृषि विभाग के उपनिदेशक भूपेंद्र कुमार, एपीएमसी सदस्य पवन ठाकुर, नसीब राणा, राकेश कुमार, देवराज और लोकेंद्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एपीएमसी सचिव भानु प्रताप, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भाग सिंह ठाकुर, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष जस्सा राम भारद्वाज, मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी चुराह के अध्यक्ष अब्दुल मजीद, युवा कांग्रेस अध्यक्ष वरुण शर्मा तथा उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान और बागवान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

