Loading...

International Jobs / एचपीएसइडीसी को विदेशों में रोजगार दिलाने की मिली मंजूरी , हिमाचल के युवाओं को मिलेगा सीधा फायदा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 18 Jun 2025 Edited 18 Jun 1 min read

International Jobs : राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय से प्राप्त किया भर्ती एजेंट लाइसेंस, अब सरकारी स्तर पर होगी विदेश में नौकरी की प्रक्रिया

शिमला

हिमाचल प्रदेश इलैक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसइडीसी) को विदेश मंत्रालय से अधिकृत भर्ती एजेंट का लाइसेंस प्राप्त हो गया है, जिससे अब प्रदेश के युवाओं को सरकारी स्तर पर विदेश में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

सरकारी स्तर पर विदेश में नौकरी का रास्ता खुला
राज्य सरकार ने विदेशों में रोजगार की चाह रखने वाले हिमाचली युवाओं के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए अब निजी एजेंटों पर निर्भरता खत्म करने की दिशा में पहल की है। एचपीएसइडीसी को विदेश मंत्रालय द्वारा प्रमाणित एजेंट का दर्जा मिल गया है, जिससे यह निगम अब अधिकृत रूप से विदेशों के नियोक्ताओं के लिए भारतीय श्रमिकों की भर्ती कर सकेगा।

भ्रांति और ठगी से युवाओं को मिलेगा बचाव
एचपीएसइडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह कदम हिमाचल को उन गिने-चुने राज्यों की श्रेणी में ला खड़ा करता है जो अब निजी माध्यमों से नहीं, बल्कि सरकारी प्रणाली के तहत युवाओं को विदेश में रोजगार मुहैया कराएंगे। इससे युवाओं को दलालों से बचाने में मदद मिलेगी और वे धोखाधड़ी से भी सुरक्षित रहेंगे।

नियमबद्ध और कानूनी प्रक्रिया से मिलेगा भरोसा
प्रबंध निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया कि इस लाइसेंस से निगम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कर सकेगा। इससे एचपीएसइडीसी की विश्वसनीयता और कानूनी स्थिति मजबूत होगी और हिमाचल के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और पारदर्शी माध्यम से विदेशी नौकरी मिल सकेगी।