Loading...

रामपुर में 11 से 14 नवंबर तक सजेगा अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026, लेजर शो समेत कई आकर्षण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन रामपुर में 11 से 14 नवंबर तक किया जाएगा। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई मेला आयोजन समिति की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। मेले में चार सांस्कृतिक संध्याओं के साथ लेजर शो, पारंपरिक स्वाद महोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन, वॉल आर्ट तथा पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियां आयोजित होंगी।

शिमला/रामपुर

चार सांस्कृतिक संध्याओं में से दो पहाड़ी संस्कृति को समर्पित होंगी, जबकि एक संध्या बॉलीवुड और एक पंजाबी संगीत पर आधारित होगी। मेले के दौरान मिस्टर एवं मिस बुशहर प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसके माध्यम से पुरानी व्यापारिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ विलुप्त हो रही पारंपरिक वस्तुओं, कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का प्रयास किया जाना चाहिए।

बुशहर की विरासत और स्थानीय उत्पादों का होगा प्रदर्शन

मेले में बुशहर रियासत के इतिहास, संस्कृति और समृद्ध विरासत को सामने लाने के लिए विशेष गतिविधियां होंगी। पुराने छायाचित्रों और दस्तावेजों के साथ ऐतिहासिक एवं विरासत प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पाद, आभूषण तथा स्थानीय कृषि और बागवानी उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और स्थानीय उत्पादकों को भी अपने उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

पारंपरिक शिल्प का सजीव प्रदर्शन, स्थानीय वास्तुकला, रामपुर हेरिटेज वॉक और पारंपरिक लवी बाजार भी मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। बुशहर और तिब्बत के ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। रामपुर शहर में विशेष लाइटिंग और सजावट की जाएगी तथा विभिन्न स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। मेले की स्मारिका के लिए स्कूली बच्चों और आम नागरिकों से लेख भी आमंत्रित किए जाएंगे।

पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध

मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पिछले वर्ष की तुलना में अधिक अस्थायी पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाएंगे। यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष योजना तैयार करने के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 300 पुलिस कर्मी तैनात होंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी होंगे और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

Related Topics: •