चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक बैठक आयोजित
Himachalnow / चंबा
चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों, व्यवस्थाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
चंबा
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
जिला मुख्यालय चंबा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में मेले की तैयारियों और विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि मिंजर मेला जिला चंबा की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समन्वय से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है तथा इसके मूल स्वरूप और पारंपरिक पहचान को बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होगा मेला
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला इस वर्ष परंपरानुसार 26 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चौगान नंबर-1 में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी तैयारियों और व्यवस्थाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए तथा संबंधित विभाग अपने दायित्वों का समन्वय के साथ निर्वहन करें।
विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यों को लेकर हुई चर्चा
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मेले के दौरान होने वाले व्यय और आय, निमंत्रण कार्ड और स्मारिका प्रकाशन, परिवहन व्यवस्था, यातायात और पार्किंग प्रबंधन, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा चौगान की साफ-सफाई, मरम्मत और रखरखाव को लेकर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं तथा मिंजर मेला-2026 की थीम निर्धारण को लेकर भी संबंधित विभागों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कला केंद्र और मंजरी गार्डन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा
बैठक में कला केंद्र और मंजरी गार्डन में आवश्यक मरम्मत कार्यों तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, जिला भाषा अधिकारी तुकेश कुमार, विधि अधिकारी शरीफ शाह, पुलिस विभाग के निरीक्षक संत राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।