फौजियों पर टिप्पणी मामले में इशिता पुंडीर के खिलाफ शिकायत, जांच शुरू
Himachalnow / रराजगढ़
राजगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर इशिता पुंडीर के खिलाफ फौजियों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज की गई है। भूतपूर्व सैनिक संगठन ने मामले में सख्त कार्रवाई और सोशल मीडिया अकाउंट व वित्तीय लेनदेन की जांच की मांग उठाई है।
नाहन/राजगढ़
जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर इशिता पुंडीर के खिलाफ फौजियों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में शिकायत दर्ज करवाई गई है। भूतपूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ के पदाधिकारियों ने वीरवार को थाना राजगढ़ पहुंचकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।जानकारी के अनुसार, नौहराधार तहसील के देवा मानल गांव की निवासी इशिता पुंडीर द्वारा हाल ही में सोशल मीडिया पर सैनिकों को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया था। वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में प्रतिक्रिया सामने आई, जिसके बाद संबंधित वीडियो को हटा दिया गया। हालांकि, तब तक वीडियो व्यापक रूप से साझा हो चुका था।
भूतपूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान न केवल सैनिकों की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देते हैं। संगठन की ओर से इशिता पुंडीर के सोशल मीडिया अकाउंट, फॉलोअर्स तथा वित्तीय लेनदेन की भी जांच करवाने की मांग की गई है।रिटायर्ड नायब सूबेदार बृजमोहन ने आरोप लगाया कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट पर विदेशी फॉलोअर्स की संख्या अधिक होने की आशंका है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर ने सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है, लेकिन इसके बावजूद मामले को लेकर नाराजगी बनी हुई है और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।जिला पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।