चंबा से होली के रास्ते कई जगह राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का स्वागत, सुनीं जनसमस्याएं
चंबा से होली जाते समय राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का गैहरा, दुर्गेठी, खड़ामुख, तयारी और होली हेलीपैड सहित कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से अवगत करवाया। राजस्व मंत्री ने दुर्गेठी विश्राम गृह में जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इनके समाधान के निर्देश दिए।
चंबा/भरमौर
राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर गैहरा में ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता भूषण के नेतृत्व में लोगों ने राजस्व मंत्री का स्वागत किया। दुर्गेठी में एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर तथा खड़ामुख में पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। विभिन्न स्थानों पर राजस्व मंत्री को सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा गांव तयारी और होली हेलीपैड पर भी क्षेत्र के लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी, ग्राम पंचायत दुर्गेठी के प्रधान प्यारू राम, उपप्रधान सुरेंद्र कुमार और ग्राम पंचायत गैहरा की प्रधान सुनीता भूषण उपस्थित रहे। एसडीएम भरमौर अजय कुमार, डीएसपी बलदेव दत्त शर्मा और तहसीलदार भरमौर सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस दौरान मौजूद थे।