JBT / 13 से 16 जून तक होगी जेबीटी भर्ती परीक्षा, अभ्यर्थी एक सप्ताह पहले डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
JBT : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने जेबीटी पोस्ट कोड-26015 भर्ती परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं। यह परीक्षा 13, 14 और 16 जून को आयोजित होगी। अभ्यर्थी परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट से एडमिट कार्ड और रोल नंबर डाउनलोड कर सकेंगे।
हमीरपुर
13, 14 और 16 जून को आयोजित होगी सीबीटी परीक्षा
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने जेबीटी पोस्ट कोड-26015 भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा 13 जून, 14 जून और 16 जून 2026 को विभिन्न निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आयोग द्वारा परीक्षा आयोजन से संबंधित तैयारियां पूरी की जा रही हैं और अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी सभी सूचनाएं चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने और आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
वेबसाइट पर उपलब्ध होगा एडमिट कार्ड लिंक
आयोग के अनुसार परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए विशेष लिंक सक्रिय किया जाएगा। अभ्यर्थी अपने आवेदन विवरण के माध्यम से लॉगिन कर रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र, परीक्षा तिथि और रिपोर्टिंग समय से संबंधित जानकारी एडमिट कार्ड में उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की सूचना मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी ताकि उम्मीदवारों को समय रहते परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त हो सके।
अभ्यर्थियों को नियमित अपडेट देखने की सलाह
सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने सभी अभ्यर्थियों से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट, पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त एसएमएस और ईमेल अपडेट नियमित रूप से चेक करते रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कई बार परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश, परीक्षा केंद्र में बदलाव अथवा तकनीकी अपडेट ऑनलाइन माध्यम से जारी किए जाते हैं, इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम समय तक आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखनी चाहिए। आयोग ने यह भी कहा है कि किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए अभ्यर्थी आयोग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या दूरभाष नंबर 01972-222204 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।