Jobs / हिमाचल में 373 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ी
Jobs : हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सरकारी कॉलेजों में 373 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित समय सीमा तक आवेदन कर सकते हैं।
शिमला
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) के 373 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। आयोग के अनुसार अभ्यर्थी अब 15 अगस्त 2026 को रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन भर्ती आवेदन (ORA) जमा कर सकते हैं। आयोग ने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने संबंधी अनुरोध प्राप्त होने के बाद यह निर्णय लिया गया है। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे तथा अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदन मान्य नहीं होंगे। विज्ञापन में उल्लिखित अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।
373 पदों पर होगी भर्ती
यह भर्ती उच्च शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में जॉब ट्रेनी आधार पर की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को 35,000 रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। भर्ती के लिए 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयोग के अनुसार वर्ष 2026 की राज्य पात्रता परीक्षा (SET) उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन करने के पात्र होंगे।
विषयवार रिक्तियों का विवरण
कुल 373 रिक्तियों में अंग्रेजी विषय के लिए 39 पद, रसायन विज्ञान और हिंदी के लिए 34-34 पद, भौतिक विज्ञान तथा गणित के लिए 25-25 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा शारीरिक शिक्षा में 23, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान और भूगोल में 20-20, इतिहास में 19, समाजशास्त्र में 17, राजनीति विज्ञान में 16, वाणिज्य में 15, लोक प्रशासन में 14, मनोविज्ञान में 13 तथा अर्थशास्त्र में 10 पद शामिल हैं। अन्य विषयों जैसे संस्कृत, भूविज्ञान, संगीत (वोकल), संगीत (इंस्ट्रूमेंटल), तबला, नृत्य और दर्शनशास्त्र में भी रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं।
आधिकारिक वेबसाइट से करें आवेदन
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आयोग के वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, विषयवार विज्ञापन और अन्य निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
