Loading...

Jobs / हिमाचल में चार चरणों में होगी पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया, शारीरिक परीक्षा के दौरान डोप टेस्ट अनिवार्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 45 Mins Ago • 1 Min Read

Jobs : हिमाचल प्रदेश पुलिस में 734 कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने विस्तृत अधिसूचना जारी की है। भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी, जिसमें शारीरिक मानक परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षा, अनिवार्य डोप टेस्ट, 90 अंकों की लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी।

शिमला

734 पदों पर होगी नियमित भर्ती

हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी करते हुए चयन प्रक्रिया, पात्रता, शारीरिक मानकों और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश स्पष्ट किए हैं। भर्ती अभियान के तहत 491 पुरुष कांस्टेबल और 243 महिला कांस्टेबल के पद नियमित आधार पर भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पे मैट्रिक्स लेवल-3 (20,200 रुपये से 64,000 रुपये) के अंतर्गत की जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन और शैक्षणिक पात्रता

आयोग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। विज्ञापन के अनुसार मैट्रिक और 12वीं की शिक्षा हिमाचल प्रदेश के स्कूल या बोर्ड से प्राप्त होना आवश्यक है, हालांकि यह शर्त हिमाचल प्रदेश के मूल निवासियों पर लागू नहीं होगी। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे तथा शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों से किया जा सकेगा। सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 600 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है।

चार चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया चार प्रमुख चरणों में आयोजित की जाएगी। सबसे पहले शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) होगी। इसके बाद 90 अंकों की ऑफलाइन ऑब्जेक्टिव लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। तीसरे चरण में दस्तावेजों का सत्यापन और अंतिम चरण में मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची 100 अंकों के आधार पर तैयार होगी, जिसमें 90 अंक लिखित परीक्षा, अधिकतम 6 अंक ऊंचाई तथा अधिकतम 4 अंक एनसीसी प्रमाणपत्र के लिए निर्धारित किए गए हैं।

शारीरिक दक्षता परीक्षा में डोप टेस्ट रहेगा अनिवार्य

इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार स्पष्ट रूप से डोप टेस्ट का प्रावधान शामिल किया गया है। आयोग के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस विभाग अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट कर सकता है। इसके माध्यम से नारकोटिक्स और ओपिएट्स के सेवन की जांच की जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी डोप टेस्ट में असफल पाया जाता है अथवा शारीरिक दक्षता परीक्षा के निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर पाता है, तो उसे भर्ती प्रक्रिया से तत्काल अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पुलिस बल की गुणवत्ता बनाए रखना है।

लिखित परीक्षा में लागू होगी निगेटिव मार्किंग

लिखित परीक्षा 90 अंकों की ऑफलाइन ऑब्जेक्टिव टाइप होगी, जिसमें निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर संबंधित प्रश्न के निर्धारित अंकों का 0.25 अंक काटा जाएगा। यदि किसी प्रश्न के लिए एक से अधिक विकल्प चुने जाते हैं, तो उसे भी गलत उत्तर माना जाएगा और समान पेनल्टी लागू होगी। जिन प्रश्नों का उत्तर नहीं देना है, उनके लिए अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट में निर्धारित ‘E’ विकल्प को भरना होगा। यदि प्रश्न पूरी तरह खाली छोड़ दिया जाता है, तो उसे भी गलत उत्तर मानते हुए 0.25 अंक काटे जाएंगे।

पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग शारीरिक मानक

भर्ती अधिसूचना में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शारीरिक मानक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के पुरुषों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फीट 6 इंच तथा महिलाओं के लिए 5 फीट 2 इंच निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, गोरखा, ओबीसी और होमगार्ड श्रेणियों के लिए अलग-अलग मानक लागू होंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 1500 मीटर दौड़ 5 मिनट 30 सेकंड में तथा महिला अभ्यर्थियों को 800 मीटर दौड़ 3 मिनट 45 सेकंड में पूरी करनी होगी। इसके अतिरिक्त 100 मीटर दौड़, हाई जंप और ब्रॉड जंप के लिए भी निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।

Related Topics: