Jobs / HPFAS के 26 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू, 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर
Jobs : हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा (HPFAS) के प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए 26 पदों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र नियमित कर्मचारी 9 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
शिमला
26 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा (HPFAS) के प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग की ओर से कुल 26 पदों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र अभ्यर्थी 9 जुलाई 2026 से 5 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे तथा अन्य किसी माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
केवल नियमित कर्मचारी ही होंगे पात्र
आयोग के अनुसार यह भर्ती केवल हिमाचल प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त संस्थानों, विश्वविद्यालयों और सहकारी बैंकों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के लिए निर्धारित है। अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। इसके अलावा संबंधित विभाग में कम से कम तीन वर्ष की नियमित सेवा पूरी होना भी अनिवार्य पात्रता शर्तों में शामिल है।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे पहले प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। दोनों चरणों में सफल घोषित किए जाने वाले उम्मीदवारों का चयन HPFAS के प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। आयोग ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा शुल्क, परीक्षा पाठ्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए हैं। आयोग की सचिव निवेदिता नेगी ने पात्र कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
इन श्रेणियों में भरे जाएंगे पद
आयोग की अधिसूचना के अनुसार कुल 26 पदों में सामान्य वर्ग के 17 पद, सामान्य वर्ग (श्रवण बाधित) का 1 पद, सामान्य वर्ग (बौद्धिक/एकाधिक दिव्यांग) का 1 पद, अनुसूचित जाति (एससी) के 2 पद, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 2 पद तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 3 पद शामिल हैं।
