JOBS / शिलाई में आंगनवाड़ी सहायिका के छह पदों पर भर्ती, 24 अक्तूबर तक करें आवेदन
शिलाई क्षेत्र के आंगनवाड़ी सह प्रीस्कूल केंद्रों में सहायिका के छह रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। संबंधित आंगनवाड़ी लाभान्वित क्षेत्र की पात्र महिलाएं 24 अक्तूबर 2026 को शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकती हैं। पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास और आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन के लिए साक्षात्कार 3 नवम्बर को शिलाई में आयोजित किया जाएगा।
नाहन/शिलाई
इन छह आंगनवाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे पद
बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के अंतर्गत ग्राम पंचायत पोहटा मानल के मुनई बेलाड़ी, भंगाटा और जुईनल आंगनवाड़ी केंद्र में सहायिका के पद भरे जाएंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायत बकरास के बम्बराड़, ग्राम पंचायत बेला के बशवा और ग्राम पंचायत काण्डो भटनोल के भटनोल आंगनवाड़ी केंद्र में भी एक-एक रिक्त पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
24 अक्तूबर शाम पांच बजे तक कर सकेंगी आवेदन
बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता सिंगटा के अनुसार संबंधित क्षेत्र की सामान्य निवासी इच्छुक विवाहित अथवा अविवाहित महिलाएं सादे कागज पर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के साथ स्वयं सत्यापित आवश्यक दस्तावेज लगाकर इसे बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई के कार्यालय में 24 अक्तूबर 2026 को शाम पांच बजे तक जमा करवाना होगा।
12वीं पास होना जरूरी, आयु सीमा 18 से 35 वर्ष
आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त स्कूल शिक्षा बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। उच्च शिक्षा प्राप्त उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदक का हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होने के साथ संबंधित आंगनवाड़ी लाभान्वित क्षेत्र का सामान्य निवासी होना भी जरूरी है। इसके लिए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जारी और संबंधित वृत्त पर्यवेक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित प्रमाणपत्र आवेदन के साथ देना होगा।
3 नवम्बर को शिलाई में होगा साक्षात्कार
पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार 3 नवम्बर 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडल अधिकारी (ना.) शिलाई के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, अन्य प्रमाणपत्रों एवं योग्यताओं और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता के अनुसार किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के लिए अधिकतम 25 अंक निर्धारित किए गए हैं।