कल्पा विकास खंड में पंचायत चुनाव 2026 के लिए मतदान कर्मियों का प्रथम चरण प्रशिक्षण संपन्न
पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन 2026 के तहत विकास खंड कल्पा में 26 पंचायतों के मतदान कर्मियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, सामग्री प्रबंधन और निर्वाचन दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
रिकांग पिओ
मतदान कर्मियों का प्रथम चरण प्रशिक्षण संपन्न
विकास खंड कल्पा में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 26 पंचायतों के 140 मतदान केंद्रों में तैनात कर्मियों को निर्वाचन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 246 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 196 पोलिंग ऑफिसर और 49 प्रिजाइडिंग ऑफिसर शामिल रहे।
निर्वाचन प्रक्रिया और सामग्री प्रबंधन की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने, मतदान केंद्रों पर पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देश, मतदान सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन तथा मतदाता पहचान पत्र की जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त मतदाता सहायता व्यवस्था और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि मतदान प्रक्रिया में सभी नियमों का पालन किया जाए और किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
तीन चरणों में होगा पंचायत चुनाव
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी (ग्राम पंचायत) कल्पा हिमांशी शर्मा ने बताया कि विकास खंड कल्पा में पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 को तीन चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण का मतदान 26 मई, द्वितीय चरण का 28 मई तथा तृतीय चरण का 30 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में कोठी, पंगी, ख्वांगी, बारंग, सपनी, बुआ, सांगला, छितकुल और दूनी पंचायतें शामिल हैं। द्वितीय चरण में कल्पा, थेन पंगी, युवारिंग, पवारी, किल्बा, शोंग, कामरू, रक्षम और ब्रेलंगी पंचायतों में मतदान होगा, जबकि तृतीय चरण में रोघी, तेलंगी, शुदारंग, पूर्बनी, मेंबर, चांसू, थेमगारंग और बटसेरी पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
वार्ड और मतदान केंद्रों का विवरण
जानकारी के अनुसार प्रथम चरण में 53, द्वितीय चरण में 47 तथा तृतीय चरण में 40 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। विकास खंड कल्पा में कुल 140 वार्ड हैं, जिनमें मतदान प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी।