कांगड़ा में मोबाइल गेम खेलने से रोकने पर किशोर ने दी जान, चंबा में दसवीं के छात्र की संदिग्ध मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिलों में 14 वर्षीय दो किशोरों की मौत के अलग-अलग मामले सामने आए हैं। कांगड़ा के रक्कड़ क्षेत्र में मोबाइल फोन पर गेम खेलने से रोकने के बाद किशोर ने जान दे दी, जबकि चंबा के घोल्टी गांव में दसवीं कक्षा का छात्र घर के अंदर मृत मिला। पुलिस दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।
कांगड़ा
रक्कड़ क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर को परिजन उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा काफी देर से मोबाइल फोन पर गेम खेल रहा था। उन्होंने उसे गेम खेलने से मना करते हुए मोबाइल अपने पास रख लिया। इससे नाराज होकर किशोर कमरे में चला गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे दुपट्टे के सहारे लटका देखा और तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
किशोर की मां ने इस मामले में किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है। एएसपी आरपी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और निर्धारित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस परिजनों के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
चंबा के घोल्टी में दसवीं के छात्र की मौत
चंबा जिले की सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में बुधवार सुबह 14 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। उसकी पहचान लकी पुत्र सतो, निवासी बनगोटू डाकघर पल्यूर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लकी पिछले पांच-छह वर्षों से घोल्टी गांव में एक सेवानिवृत्त अधिकारी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था और दसवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। किशोर की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाने के साथ सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। छात्र के पिता ने किसी व्यक्ति पर संदेह जाहिर नहीं किया है।
