Loading...

कांगड़ा में चिट्टा कारोबारियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में चिट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को सीज और ध्वस्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और उपमंडल अधिकारियों से समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले नशामुक्ति केंद्रों को बंद करने और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

धर्मशाला

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर समिति की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस के संकल्प के अनुरूप चिट्टे के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। बैठक में जिला मुख्यालय के अधिकारियों के साथ विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। उपायुक्त ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई और उनकी अवैध संपत्तियों को सीज एवं ध्वस्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने बताया कि पिछली बैठक के निर्णय के अनुसार उपमंडल स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर समितियों का गठन कर दिया गया है। सभी उपमंडल अधिकारियों को एंटी चिट्टा अभियान के तहत जल्द बैठकें आयोजित करने और अवैध नशा कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सरकारी और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित नशा निवारण क्लबों को सक्रिय करने तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया।

हेल्पलाइन 112 का प्रचार करने के निर्देश

उपायुक्त ने विद्यालयों में नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 का व्यापक प्रचार करने को कहा। शहरी क्षेत्रों में डिजिटल स्क्रीन, स्कूल बसों और एचआरटीसी की बसों के माध्यम से एंटी चिट्टा संदेश एवं स्लोगन प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए। शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के साथ स्कूलों के आसपास स्थित दुकानों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया।

नशामुक्ति केंद्रों का होगा नियमित निरीक्षण

नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को इनका नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सुविधाओं, निर्धारित मापदंडों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जांच की जाएगी। केंद्र संचालकों और वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं करने वाले केंद्रों को नियमानुसार बंद किया जाएगा, जबकि क्षमता से अधिक मरीज रखने वाले केंद्रों से मरीजों को दूसरे उपयुक्त केंद्रों में स्थानांतरित किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मशाला कुलभूषण वर्मा, पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल, जिला पंचायत अधिकारी सचिन, एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. अनुराधा, एसटीएफ पुलिस से रंजीत सिंह और जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •