Loading...

कांगड़ा में चिट्टा कारोबार पर सख्ती, अवैध संपत्तियां सीज और ध्वस्त करने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में चिट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने संबंधित लोगों की अवैध संपत्तियां सीज और ध्वस्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले नशामुक्ति केंद्रों को बंद करने और स्कूलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

धर्मशाला

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर समिति की मासिक समीक्षा बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस के संकल्प के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक के निर्णय के अनुसार उपमंडल स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर समितियां गठित कर दी गई हैं। सभी उपमंडल अधिकारियों को एंटी चिट्टा अभियान के तहत जल्द बैठकें आयोजित कर नशे के अवैध कारोबार में शामिल तत्वों के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया है।

शिक्षण संस्थानों में सक्रिय होंगे नशा निवारण क्लब

उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित नशा निवारण क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ विद्यालयों में नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 का व्यापक प्रचार करने को कहा गया। शहरी क्षेत्रों में डिजिटल स्क्रीन, स्कूल बसों और एचआरटीसी की बसों के माध्यम से एंटी चिट्टा संदेश एवं स्लोगन प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नशामुक्ति केंद्रों की नियमित जांच के निर्देश

नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को इनका नियमित निरीक्षण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सुविधाओं, निर्धारित मानकों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जांच की जाएगी। केंद्र संचालकों तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाएगा। मानकों का पालन नहीं करने वाले केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें बंद करने और क्षमता से अधिक मरीज रखने वाले केंद्रों से मरीजों को अन्य उपयुक्त केंद्रों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों में चिट्टे के विरुद्ध जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने को कहा है। स्कूलों के आसपास स्थित दुकानों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मशाला कुलभूषण वर्मा, पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल, एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न तथा पुलिस, स्वास्थ्य, पंचायत और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •