Loading...

कांगड़ा में जिला उद्योग केंद्र की जागरूकता कार्यशाला आयोजित, पाँच जिलों के अधिकारियों ने लिया भाग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / धर्मशाला

जिला उद्योग केंद्र कांगड़ा में विभिन्न औद्योगिक योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कांगड़ा सहित पाँच जिलों के अधिकारियों और प्रतिभागियों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

धर्मशाला

जागरूकता कार्यशाला में विभिन्न जिलों के अधिकारी शामिल

जिला उद्योग केंद्र कांगड़ा में आयोजित जागरूकता कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और चंबा के अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से संबंधित योजनाओं की जानकारी और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर किया गया।

मुख्य अतिथि सहित अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र हमीरपुर के महाप्रबंधक भगत ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला उद्योग केंद्र कांगड़ा के प्रबंधक गुलाब सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न जिला उद्योग केंद्रों के अन्य अधिकारियों ने भी कार्यशाला में सहभागिता की।

विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यशाला के दौरान वरिष्ठ सलाहकार (RAMP) संदीप शर्मा ने Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) तथा भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) की MSE-GIFT और MSE-SPICE योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं उद्योग विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार की प्रतिनिधि विधिशा शर्मा ने सूक्ष्म एवं लघु उद्यम क्लस्टर विकास कार्यक्रम (MSE-CDP) के बारे में जानकारी दी।

25 से अधिक प्रतिभागियों ने किया सहभाग

कार्यशाला में पाँच जिलों से आए 25 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिला स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संस्थागत समन्वय को मजबूत करना रहा।