Loading...

नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई तेज, 26 अवैध कब्जे हटाने की तैयारी; कांगड़ा में नशा मुक्त अभियान को मिलेगा और बल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

जिला कांगड़ा में नशे की रोकथाम और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला स्तरीय एनकाॅर्ड (राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल) बैठक का आयोजन धर्मशाला में किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त हेमराज बैरवा ने की। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रखने, तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों को और मजबूत बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

धर्मशाला

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने नशा प्रभावित क्षेत्रों में गठित नशा निवारण समितियों को अधिक सक्रिय बनाने, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से जनजागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने पर भी जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को टांडा मेडिकल कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ओपिओयड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (ओएसटी) सेवाओं का विस्तार करने और नशा मुक्ति उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए गए।

जेलों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ेगी निगरानी

बैठक में जेलों में बंद नशे से जुड़े आरोपियों की नियमित काउंसलिंग, उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और प्रहरी क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा संवाद कार्यक्रम के तहत नियमित गतिविधियां आयोजित करने पर बल दिया गया। सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, अस्पतालों और नगर निकायों की एलईडी स्क्रीन पर भी नशा मुक्त हिमाचल अभियान से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।

26 अवैध कब्जे चिन्हित, सख्त कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त ने बताया कि जिले में नशा तस्करों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए 26 अवैध कब्जों की पहचान की गई है। संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी एसडीएम को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी नशा तस्करी या इससे संबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

समन्वित प्रयासों से अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर

उपायुक्त ने सभी विभागों से अपनी गतिविधियों का नियमित दस्तावेजीकरण करने तथा समन्वित प्रयासों के माध्यम से नशा मुक्त कांगड़ा अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियानों की जानकारी दी। विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।