Loading...

कांगड़ा में विधिक सेवा प्राधिकरण ने पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत सराह में 80 से अधिक पौधे लगाए

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 58 Mins Ago • 1 Min Read

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार चलाए जा रहे माहभर के पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत धर्मशाला उपमंडल के सराह गांव में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के दौरान 80 से अधिक देशज प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और जनभागीदारी पर विशेष बल दिया गया।

कांगड़ा

सराह में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक संचालित पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा द्वारा वीरवार को धर्मशाला उपमंडल के समीप ग्राम सराह में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर हरित आवरण को बढ़ावा देना और पौधों के संरक्षण को सुनिश्चित करना रहा।

80 से अधिक देशज प्रजातियों के पौधे लगाए गए

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश चिराग भानु सिंह ने मृदा पूजन के बाद पीपल का पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर 80 से अधिक पौधे लगाए गए, जिनमें पीपल, अर्जुन, शीशम, आंवला, जामुन और रीठा जैसी स्थानीय जलवायु के अनुकूल देशज प्रजातियां शामिल रहीं। आयोजन के दौरान पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और स्थानीय जैव विविधता को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

संरक्षण और देखभाल पर दिया गया जोर

कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा और उनके जीवित रहने को सुनिश्चित करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके साथ ही प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण और समाज की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। अभियान में वन विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है।

विभिन्न विभागों और संस्थाओं की रही भागीदारी

कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश डॉ. अरविंद मल्होत्रा, श्रम न्यायालय की पीठासीन न्यायाधीश परवीन चौहान, मुख्य वन संरक्षक बासु कौशल, प्रभागीय वन अधिकारी अमित शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश चौहान, शीतल शर्मा और विजय लक्ष्मी, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी हकीकत धांडा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सोनल शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी डॉ. पार्थ जैन तथा जिला बार एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अंकुर सोनी सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त टोंगलेन स्कूल के विद्यार्थियों, गैर-सरकारी संगठनों जागोरी और उत्थान के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भी पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता की।

नागरिकों से किया गया आह्वान

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा ने नागरिकों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। प्राधिकरण ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पौधों की सुरक्षा और जनसहभागिता से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को दीर्घकालिक आधार मिल सकता है।

Related Topics: