Loading...

कांगड़ा में क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित, 264 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, 20 विजेता होंगे सम्मानित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Mins Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तहत आयोजित जिला स्तरीय क्विज और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। दोनों प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न उपमंडलों से चयनित 264 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रत्येक प्रतियोगिता के दस-दस विजेता विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

कांगड़ा/धर्मशाला

चुनावी प्रक्रिया की जानकारी बढ़ाने के लिए हुईं प्रतियोगिताएं

बीएड कॉलेज धर्मशाला में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में क्विज के लिए 128 और निबंध लेखन के लिए 136 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया से परिचित करवाना, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना और मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी

निबंध लेखन प्रतियोगिता में नूरपुर पब्लिक स्कूल की आराधना ठाकुर, लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की रुद्राक्षी शर्मा, राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा की शगुन ठाकुर, केएलवी डीएवी पालमपुर की सिया सूद, एमसीएमडी पब्लिक स्कूल बाघनी की आराध्या शर्मा और राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की नंदिनी विजेता रहीं। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुल्थान के करन, मकोल की अनन्या, राजकीय महाविद्यालय कोटला बेहड़ की राधा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माइरा की कोमल कुमारी ने विजेताओं में स्थान बनाया।

क्विज प्रतियोगिता में इन विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

क्विज प्रतियोगिता में स्कॉलर इंटरनेशनल स्कूल घुरकड़ी की दिव्यांशी, डीएवी पालमपुर की श्रिया शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोगरवां की तनीशा, लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की जस्मीन ठाकुर और डीएवी पालमपुर के आकाश गुप्ता विजेता रहे। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माइरा की मौसम कुमारी, राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां की महक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा बगवां की महक सरीन, राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी की मुस्कान और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ंज के अंशुल ने भी विजेताओं में जगह बनाई।

जिला स्तर पर सम्मानित होंगे सभी 20 विजेता

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं। जागरूक युवाओं की सहभागिता मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के दस-दस विजेता विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।