Loading...

POCSO / स्कूल जा रही नाबालिग को लिफ्ट के बहाने ले गए होटल, दुष्कर्म के मामले में दो दोषियों को 10-10 साल की कठोर कैद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Mins Ago • 1 Min Read

POCSO / सोलन की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दो दोषियों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। बिलासपुर जिले के रहने वाले दोनों दोषियों पर अदालत ने विभिन्न धाराओं के तहत 30-30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। करीब सात साल पुराने इस मामले में अभियोजन पक्ष ने अदालत में 21 गवाह पेश किए।

सोलन

स्कूल जा रही नाबालिग को लिफ्ट देने के बहाने ले गए होटल

अभियोजन पक्ष के अनुसार मामला 29 जनवरी 2020 का है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे नाबालिग स्कूल जा रही थी, इसी दौरान दोनों ने उसे अपनी कार में लिफ्ट देने की पेशकश की। इसके बाद दोनों उसे बद्दी के एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामले की शिकायत महिला पुलिस थाना बद्दी में दर्ज करवाई गई थी।

बिलासपुर जिले के रहने वाले हैं दोनों दोषी

सोलन की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कनिका चावला ने मामले की सुनवाई के बाद बिलासपुर जिले के रहने वाले 27 वर्षीय अशरफ खान उर्फ अच्छू और 27 वर्षीय शमशुद्दीन को दोषी करार दिया। अदालत ने अशरफ खान को पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और शमशुद्दीन को धारा 4 सहपठित धारा 17 के तहत 10-10 वर्ष के कठोर कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोनों को एक-एक वर्ष का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।

अपहरण के अपराध में भी पांच-पांच साल की कठोर कैद

अदालत ने नाबालिग के अपहरण के अपराध में आईपीसी की धारा 363 के तहत दोनों दोषियों को पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोनों को छह-छह महीने का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। इसके अलावा अशरफ खान को आपराधिक धमकी देने के अपराध में आईपीसी की धारा 506 के तहत छह महीने के साधारण कारावास की सजा भी सुनाई गई है।

अभियोजन पक्ष ने अदालत में पेश किए 21 गवाह

महिला पुलिस थाना बद्दी में दर्ज इस मामले की जांच एएसआई ज्ञान चंद ने की थी। अभियोजन पक्ष ने आरोपों को साबित करने के लिए अदालत में कुल 21 गवाह पेश किए। मामले की पैरवी सोलन के लोक अभियोजक चंदर सागर नेगी ने की, जबकि नायब कोर्ट समृद्धि ने उनका सहयोग किया। अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद दोनों को दोषी ठहराते हुए विभिन्न धाराओं के तहत सजा सुनाई।

Related Topics: • •