कटगांव में अंडर-19 जिला खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 45 स्कूलों के 548 विद्यार्थी मैदान में
किन्नौर के कटगांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में पांच दिवसीय अंडर-19 छात्र वर्ग जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ कर विद्यार्थियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। जिला किन्नौर स्कूल खेल संघ और शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 45 विद्यालयों के लगभग 548 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इनमें 38 सरकारी और सात निजी विद्यालयों के खिलाड़ी शामिल हैं।
रिकांग पीओ
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इनकी अहम भूमिका है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों से पूरी लगन, मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, निरंतर प्रयास और खेल भावना है। खेलों को प्रतियोगिताओं की तैयारी तक सीमित रखने के बजाय पाठशालाओं की नियमित गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी
जगत सिंह नेगी ने बताया कि किन्नौर में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कल्पा स्थित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल में दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्विमिंग पूल बनाया जा रहा है। इससे जिले के बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण लेने और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि बटसेरी से रकछम तक साइकिल ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा जिले में पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग की संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
राजस्व मंत्री ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि की घोषणा भी की। देवी चण्डिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोठी की छात्रा अक्सा को सीनियर संतोष ट्रॉफी में चयनित होने पर 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। राजकीय माध्यमिक पाठशाला काफनू की नव्या और एटीपीएस विद्यालय चोलिंग के ध्रुव नेगी को खेलो इंडिया में चयनित होने पर 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि बेहतर मैदान और आवश्यक सुविधाएं मिलने से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए उचित वातावरण मिलेगा।
खेल मैदान के विस्तारीकरण का शिलान्यास
प्रतियोगिता से पहले जगत सिंह नेगी ने कटगांव में खेल मैदान के विस्तारीकरण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य जेएसडब्ल्यू की ओर से किया जाएगा और इसके लिए 30 लाख रुपये का प्रारंभिक बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि विस्तारीकरण के लिए पर्याप्त नहीं है, इसलिए प्रदेश सरकार की ओर से भी अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। मैदान का विस्तार होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को नियमित अभ्यास करने तथा विभिन्न खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा बेहतर बनाने के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में उपाधीक्षक पुलिस वरुण पटियाल, उप शिक्षा निदेशक एवं जिला स्कूल खेल संघ के अध्यक्ष कुलदीप डोगरा, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य बीर सिंह नेगी, डाइट के प्रधानाचार्य एवं युवा सेवाएं व खेल अधिकारी कुलदीप नेगी, पूर्व जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य जगदीश नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार अनिल नेगी और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्पा विक्रम सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।