मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप का विस्तार, 250 नए एमबीबीएस छात्रों की पढ़ाई का खर्च उठाएगा फाउंडेशन
मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम के चौथे संस्करण में 250 नए मेधावी एमबीबीएस छात्रों की मेडिकल शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है। यह सहायता नीट क्वालीफाई करने और शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में सरकारी मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को दी जाएगी। आवेदन 4 अक्टूबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
नाहन
फाउंडेशन के अनुसार, स्कॉलरशिप कार्यक्रम के वार्षिक इनटेक को पिछले वर्षों के 100 छात्रों से बढ़ाकर इस बार 250 नए छात्रों तक किया गया है। इसके साथ ही पहले से चयनित उन छात्रों की पढ़ाई का खर्च भी जारी रखा जाएगा, जो अब मेडिकल शिक्षा के दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष में हैं। इस व्यवस्था के तहत चयनित विद्यार्थियों को उनकी मेडिकल शिक्षा के दौरान लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की चेयरपर्सन तरुणा सोई ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम ने 245 छात्रों की मेडिकल शिक्षा में सहयोग किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम का विस्तार करते हुए 250 नए छात्रों को सहायता देने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक योग्य विद्यार्थी आर्थिक बोझ के बिना डॉक्टर बनने की दिशा में अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
ट्यूशन फीस के साथ जरूरी शैक्षणिक सामग्री भी मिलेगी
स्कॉलरशिप के लिए पंजीकरण मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की वेबसाइट www.maxhealthcarefoundation.org पर हो चुका है। चयनित छात्रों की ट्यूशन फीस के साथ उन्हें लैपटॉप, पाठ्यपुस्तकें, बोन सेट, डिसेक्शन किट और स्टेथोस्कोप जैसे जरूरी उपकरण दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को हर महीने के खर्च के लिए आर्थिक सहायता और पढ़ाई से संबंधित मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।