Loading...

खज्जियार में स्वच्छता अभियान, पर्यटन स्थल और वन क्षेत्र से एकत्र किया प्लास्टिक कचरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 36 Mins Ago • 1 Min Read

स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत खज्जियार में जिला स्तरीय जन स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल की उपस्थिति में प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने पर्यटन स्थल तथा आसपास के वन क्षेत्र से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र किया।

चम्बा

अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने खज्जियार पर्यटन स्थल और आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक सफाई की। क्षेत्र में बिखरे प्लास्टिक तथा अन्य कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया। इस गतिविधि के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने स्वच्छता में जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ स्थानीय समुदाय, पर्यटकों तथा प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और विद्यार्थियों से कचरे का उचित निस्तारण करने तथा खज्जियार की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरण को बनाए रखने में सहयोग देने का आह्वान किया।

खज्जियार में स्वच्छता अभियान, पर्यटन स्थल और वन क्षेत्र से एकत्र किया प्लास्टिक कचरा

विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने निभाई भागीदारी

उपायुक्त ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जियार के विद्यार्थियों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने और स्वच्छता का संदेश परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। अभियान में स्कूल के विद्यार्थियों, स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायत खज्जियार के लोगों, माय भारत के स्वयंसेवकों, आईसीडीएस विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पोषण अभियान की टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के दौरान “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” और “एक घंटा, एक साथ, एक दिन” जैसे संदेशों के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया गया। जिला प्रशासन ने स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई और जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा, खंड विकास अधिकारी चम्बा महेश ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी धीरज कुमार, परियोजना अर्थशास्त्री विनोद मेहता, प्रधानाचार्य जीएसएसएस खज्जियार संदीप शर्मा, वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी प्रीतम सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनआरएलएम राकेश भाटिया और ग्राम पंचायत प्रधान चित्र रेखा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।