Loading...

खरगे के सभा स्थल के शुद्धिकरण पर विनय कुमार ने भाजपा को घेरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर भाजपा और आरएसएस पर धार्मिक कट्टरता तथा छुआछूत को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से दोषी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले के साथ विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को प्रदेश की जनता के बीच ले जाएगी।

शिमला

विनय कुमार ने कहा कि खरगे के सभा स्थल का कथित शुद्धिकरण छुआछूत और धार्मिक कट्टरपंथी सोच का प्रमाण है, जिसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार आरएसएस की विचारधारा के अनुरूप काम कर रही है। उनके अनुसार, इस घटनाक्रम से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ संविधान का भी अपमान हुआ है। उन्होंने भाजपा से इस मामले में देश से माफी मांगने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान का अपमान कर देश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने देश में दलितों के साथ हो रहे कथित अन्याय पर भी चिंता जताई। विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने इस मामले के दोषी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और प्रदेश कांग्रेस इस मांग का पुरजोर समर्थन करती है।

जिलों में अभियान चलाएगी कांग्रेस

विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस नीट पेपर लीक, परीक्षाओं और भर्तियों में कथित धांधली, बेरोजगारी, शिक्षा के व्यवसायीकरण, युवाओं के भविष्य तथा राम मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों जैसे मुद्दों को जनता के बीच रखेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अभियान को प्रदेश के सभी जिलों में चलाया जाएगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे छात्रों की गूंज अभियान को भी तेज करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी जिला अध्यक्षों को पहले ही दिशानिर्देश जारी किए जा चुके हैं।

Related Topics: