Loading...

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का 20 नवंबर को धर्मशाला में आगाज, छह खेल होंगे शामिल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 36 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में युवाओं को खेलों से जोड़ने और चिट्टा सहित अन्य नशों के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के लिए खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026 का शुभारंभ 20 नवंबर को धर्मशाला के एचपीसीए मैदान में होगा। अभियान के तहत छह खेलों की प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर कराई जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे और प्रत्येक स्तर पर विजेता टीमों को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का 20 नवंबर को धर्मशाला में आगाज, छह खेल होंगे शामिल

धर्मशाला

अभियान की तैयारियों को लेकर एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंदर गोमा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें शुभारंभ समारोह और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और उन्हें नशे से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया जा रहा है।

गांव और पंचायत स्तर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं

यादविंदर गोमा के अनुसार खेलो इंडिया कार्यक्रम की तर्ज पर प्रदेश में पहली बार इस तरह का व्यापक खेल आयोजन किया जा रहा है। अभियान में छह खेल शामिल किए गए हैं और इसके सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन करने के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं की शुरुआत गांव और पंचायत स्तर से होगी। इसके बाद विजेता टीमें जिला स्तर पर खेलेंगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का 20 नवंबर को धर्मशाला में आगाज, छह खेल होंगे शामिल

अभियान में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए वॉलीबॉल, क्रिकेट और कबड्डी सहित अन्य खेल आयोजित किए जाएंगे। उपमंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर प्रत्येक खेल श्रेणी की विजेता टीम को पुरस्कार राशि दी जाएगी। शुभारंभ समारोह के दौरान ड्रोन शो, लेजर शो और नामी कलाकारों की सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की जाएगी। सरकार का प्रयास प्रदेशभर से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर खेल गतिविधियों के माध्यम से चिट्टा और अन्य नशों के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचाना है।

आयोजन स्थल का किया निरीक्षण

बैठक के बाद यादविंदर गोमा ने अधिकारियों के साथ एचपीसीए स्टेडियम में आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। बैठक में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह, नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल, संयुक्त आयुक्त चंद्रवीर सिंह, एएसपी संजीव चौहान, एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन और जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रवि शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •