Loading...

खेलो हिमाचल: राज्य स्तर की विजेता टीम को 31 लाख रुपये, पंजीकरण 15 नवंबर तक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए युवा सेवा एवं खेल विभाग ने ‘खेलो हिमाचल: चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ शुरू किया है। क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी की प्रतियोगिताएं प्रदेश के सभी 12 जिलों में होंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु के पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

नाहन

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी। उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान की टीम को 41 हजार रुपये और तीसरे स्थान की टीम को 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद चयनित टीमों को जिला और राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

जिला और राज्य स्तर पर मिलेगी बड़ी पुरस्कार राशि

जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को क्रमशः दो लाख रुपये, डेढ़ लाख रुपये और एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। राज्य स्तर की प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहने वाली टीम को 31 लाख रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान की टीम को 15 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 10 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू

प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी और टीमें आधिकारिक वेबसाइट khelohimachal.hp.gov.in पर निशुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं। विभाग ने प्रतिभागियों से अंतिम तिथि से पहले अपनी प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा है। प्रतियोगिता और पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01702-224176 और 7018290424 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Topics: •