किन्नर कैलाश यात्रा पर रोक की मांग, 16 गांवों के कारदारों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
किन्नौर में किन्नर कैलाश यात्रा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। देव समाज टुकपा खूनांग से जुड़े 16 गांवों के देवी-देवताओं के कारदारों और प्रतिनिधियों ने उपायुक्त किन्नौर को ज्ञापन सौंपकर यात्रा को तत्काल बंद करने की मांग की है। उनका कहना है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या लिखित जवाब नहीं दिया गया है।
किन्नौर/रिकांगपिओ
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा को सौंपे ज्ञापन में बताया कि इस संबंध में 6 जून, 27 जून और 30 जून को भी तीन बार ज्ञापन दिया जा चुका है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रतिनिधियों ने मांग की है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर की गई कार्रवाई का लिखित जवाब 10 जुलाई तक उपलब्ध कराया जाए।
समय पर जवाब नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
देव समाज ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो इसे क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और आस्था की अनदेखी माना जाएगा। ऐसी स्थिति में देव समाज आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न गांवों के करीब 20 कारदार और प्रतिनिधि शामिल रहे।
16 गांवों के देवी-देवताओं का समर्थन
देव समाज के अनुसार छितकुल, रक्छम, सांगला, कामरू, बारंग, पोवारी, तांगलिंग, रिब्बा, स्कीबा, रिस्पा, ठंगी, कूनो, चारंग, शोंग, कटगांव सहित अन्य गांवों के देवी-देवताओं ने इस मांग का समर्थन किया है। संगठन का कहना है कि प्रशासन से संवाद और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
