खराब मौसम के कारण किन्नौर कैलाश यात्रा रोकी, शनिवार को 375 श्रद्धालु हो सकते हैं रवाना
किन्नौर जिले में लगातार भारी बारिश और खराब मौसम के कारण प्रशासन ने शुक्रवार को किन्नौर कैलाश यात्रा रोक दी। तंगलिंग बेस कैंप पहुंचे श्रद्धालुओं को आगे नहीं भेजा गया, जबकि गणेश बाग में मौजूद श्रद्धालुओं को भी वहीं रोका गया है। मौसम अनुकूल रहने पर शनिवार को 375 श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए रवाना किया जा सकता है।
मौसम की स्थिति देखकर लिया जाएगा फैसला
प्रशासन शुक्रवार रात और शनिवार के मौसम पर नजर बनाए हुए है। हालात सुरक्षित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे भेजने का निर्णय लिया जाएगा। जिले में पिछले दो दिनों से मौसम खराब है और बुधवार तथा वीरवार की रात कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। लगातार बारिश को देखते हुए यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकने का फैसला लिया गया।
तंगलिंग और गणेश बाग में रोके गए श्रद्धालु
किन्नौर कैलाश यात्रा के लिए तंगलिंग बेस कैंप पहुंचे श्रद्धालुओं को शुक्रवार सुबह आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। वीरवार को दूसरे बेस कैंप गणेश बाग पहुंच चुके श्रद्धालुओं को भी वहीं रोका गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।