Loading...

किशाऊ डैम पर जयराम का सुक्खू सरकार को जवाब; बोले- मोदी-शाह ने सुलझाए विवाद, तभी आसान हुई परियोजना की राह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की महत्वाकांक्षी किशाऊ बांध परियोजना की राह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आसान हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1940 में देखे गए इस सपने को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकारों की प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण रही है।

नाहन।

जयराम ठाकुर ने बुधवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जब देश कुशल और मजबूत नेतृत्व के हाथों में होता है तो न केवल अतीत के विवाद निपटते हैं, बल्कि भविष्य की राह भी आसान होती है। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में परियोजना से जुड़े विवादों के समाधान के बाद इसके निर्माण की राह आसान हुई है।

उन्होंने कहा कि परियोजना की लागत का 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि केवल 10 प्रतिशत हिस्सा संबंधित राज्यों को मिलकर देना होगा। यह परियोजना हिमाचल सहित संबंधित राज्यों की ऊर्जा, सिंचाई और पेयजल जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि हैरानी की बात है कि मुख्यमंत्री किशाऊ परियोजना को लेकर खुद की पीठ थपथपा रहे हैं, जबकि उनके अनुसार परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रयास किए हैं।

सराहां और नाहन पहुंचने पर जयराम का जोरदार स्वागत

जिला सिरमौर पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सराहां और नाहन में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पच्छाद और नाहन में जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से मिले जयराम

जयराम ठाकुर ने सराहां और नाहन में आयोजित पंचायती राज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह और कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा को मिली जीत ने प्रदेश की जनता के भाजपा के प्रति विश्वास को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि पच्छाद और सिरमौर की जनता ने भी भाजपा के पक्ष में भरपूर जनादेश दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही समझ चुके थे कि यदि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर हुए तो कांग्रेस को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। इसी कारण चुनावों को टालने और रोकने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए गए। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने चुनाव समय पर करवाने के लिए उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी और आखिरकार चुनाव हुए।

नाहन में जनसभा को संबोधित करते समय बिजली चले जाने पर जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी जनसभाओं में बिजली कटवाना भी व्यवस्था परिवर्तन का ही एक हिस्सा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंचायत के चुनाव पांच वर्ष के लिए होते हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता जीवनभर संगठन के साथ जुड़ा रहता है। उन्होंने चुनाव लड़ चुके सभी कार्यकर्ताओं, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से एकजुट होकर आगे संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत स्थिति में लाने के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने पंचायती राज चुनावों में देरी से लेकर राजनीतिक लाभ के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन जनता ने चुनाव के माध्यम से इसका जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका अपने क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण है। उन्होंने पच्छाद, नाहन सहित पूरे सिरमौर के नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करें।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, जिला सिरमौर, पच्छाद एवं नाहन विधानसभा क्षेत्रों के नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Topics: