कोटडी व्यास के स्कूल ने दो साल में प्रदेश रग्बी टीम को दिए पांच कप्तान
सिरमौर के शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटडी व्यास के खिलाड़ियों ने पिछले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम को पांच कप्तान दिए हैं। विद्यालय के अनुसार, सीमित खेल सुविधाओं के बीच हासिल हुई इस उपलब्धि में छोटे से गांव चांदपुर के तीन खिलाड़ी भी शामिल हैं। विभिन्न आयु वर्गों में इन खिलाड़ियों ने प्रदेश की रग्बी टीम का नेतृत्व किया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
सिरमौर/चांदपुर/कोटडी व्यास
विद्यालय की अंकिता हिमाचल प्रदेश अंडर-18 ओपन वर्ग रग्बी टीम की पूर्व कप्तान रही हैं। स्वर्गीय हेमराज की पुत्री स्नेहा ने अंडर-18 रग्बी टीम की कप्तानी संभाली और अंडर-19 गर्ल्स हैंडबॉल नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक भी जीता। दीपिका ने भुवनेश्वर में अंडर-15 ओपन रग्बी टीम का नेतृत्व किया। दिव्यांशी अंडर-17 गर्ल्स और आर्यन अंडर-19 प्रदेश रग्बी टीम के कप्तान हैं। सलिंदर की पुत्री स्नेहा ने नई दिल्ली में आयोजित एसजीएफआई प्रतियोगिता में अंडर-19 टीम की कप्तानी की।
प्रशिक्षण और अनुशासन ने दिलाई सफलता
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं मुख्य कोच धर्मेंद्र चौधरी का प्रशिक्षण और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने के साथ उन्हें नियमित अभ्यास और अनुशासन के माध्यम से प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया। विद्यालय के खिलाड़ियों का लगातार प्रदेश टीम की कप्तानी तक पहुंचना कोटडी व्यास के साथ पूरे सिरमौर जिले के लिए महत्वपूर्ण खेल उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह, विद्यालय स्टाफ और स्थानीय अभिभावकों ने खिलाड़ियों तथा कोच धर्मेंद्र चौधरी को बधाई दी। खेल प्रेमियों सुखविंदर चौधरी, राजेश, पवन और अनिल के साथ पूर्व प्रधान सुरेश कुमार तथा वर्तमान उपप्रधान हितेंदर ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। सभी ने उम्मीद जताई कि विद्यालय की ये प्रतिभाएं आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।