रुद्रानंद धाम में कोटि गायत्री महायज्ञ शुरू, 19 नवंबर को होगा अरणी मंथन
ऊना जिले के नारी स्थित श्री डेरा बाबा रुद्रानंद धाम में पंचभीष्म पर्व पर सोमवार को कोटि गायत्री महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। धार्मिक कार्यक्रमों के तहत 17 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा शुरू होगी, जबकि 19 नवंबर को अरणी मंथन के बाद यज्ञशाला में अग्नि प्रज्ज्वलित की जाएगी। प्रतिदिन 251 विद्वान पंडित गायत्री मंत्र का पाठ करेंगे और 24 नवंबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
डेरा के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 वेदांताचार्य विद्यालंकार हेमानंद महाराज के सानिध्य और मार्गदर्शन में महायज्ञ की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई। वाराणसी से आए आचार्य लोकेंद्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न करवाई। इसके बाद हेमानंद महाराज ने वाराणसी से पहुंचे विद्वान आचार्यों को महायज्ञ की आवरणी सौंपी और यज्ञशाला में विधिवत कलश स्थापना की गई। इस दौरान आश्रम परिसर में शंखनाद और वैदिक मंत्रों की गूंज रही।
इससे पहले सुबह करीब साढ़े आठ बजे हेमानंद महाराज अखंड धूने पर पहुंचे। उन्होंने गुरुओं के समाधि स्थलों, आश्रम के प्राचीन पीपल वृक्षों और अखंड ज्योति का विधिवत पूजन किया। करीब दो घंटे तक चले अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने अखंड धूने पर माथा टेका और पांच देवतुल्य पीपल वृक्षों की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना की। आश्रम परिसर में व्यवस्थाएं बनाए रखने में भूतपूर्व सैनिकों के दल ने सहयोग दिया।
17 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा
श्री बाबा रुद्रानंद जी ट्रस्ट के सचिव परवीन शर्मा ने बताया कि 17 नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा शुरू होगी। वृंदावन के कथावाचक लक्ष्मी नारायण शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा सुनाएंगे। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को हेमानंद महाराज के नेतृत्व में अरणी मंथन की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न होगी और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञशाला में अग्नि प्रज्ज्वलित की जाएगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
परवीन शर्मा के अनुसार मंगलवार से प्रतिदिन 251 विद्वान पंडितों द्वारा कोटि गायत्री मंत्र का पाठ किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति 24 नवंबर को विधिवत रूप से संपन्न होगी। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आश्रम परिसर में ठहरने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। शुभारंभ कार्यक्रम में ट्रस्ट पदाधिकारियों, आचार्यों, विभिन्न स्थानों से पहुंचे गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।