Loading...

जिला अंडर-19 हैंडबॉल में कोटडी व्यास की छात्राएं बनीं सिरमौर चैंपियन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

कोटडी व्यास विद्यालय की छात्राओं ने जिला स्तरीय अंडर-19 लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटडी व्यास की टीम ने फाइनल मुकाबले में बनोर की टीम को एकतरफा शिकस्त देकर सिरमौर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में टीम ने खेल भावना, अनुशासन और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया।

सिरमौर

शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मानपुर देवड़ा में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान कोटडी व्यास की टीम ने विभिन्न विद्यालयों की टीमों को हराते हुए फाइनल में जगह बनाई। कप्तान स्नेहा चौधरी के नेतृत्व में नंदिता, दीपिका, कृतिका, देवांशी, अंशश्वी, पायल, प्रिया, आकांक्षा और स्नेहा ने टीम की जीत में योगदान दिया। फाइनल में बनोर की टीम को हराकर कोटडी व्यास ने जिला स्तरीय खिताब अपने नाम किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गुरविंदर सिंह गेरी और चरणजीत चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर पिछले वर्ष की गोल्ड मेडलिस्ट हैंडबॉल खिलाड़ी स्नेहा को भी सम्मान दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय कोच धर्मेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दिया। प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।

एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह, सुमन, मुलकराज, मीरा, पवन और सोमी देवी ने विजेता टीम, कोच तथा विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। खेल प्रेमी एवं युवा सेवी सुखविंदर चौधरी, बीडीसी सदस्य राजेश, युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के अध्यक्ष प्रभात, मंदिर कमेटी व्यास के अध्यक्ष चमन और पंचायत सदस्यों ने भी टीम को बधाई दी। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Topics: •